Basti News: चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही है रालोद: अरूणेन्द्र पटेल
चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार कर रही है रालोद: अरूणेन्द्र पटेल
बस्ती। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की जयंती किसान दिवस के रूप में मंगलवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष श्रीराम मौर्य के संयोजन में सिंचाई विभाग परिसर स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों व योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में रालोद के प्रदेश महासचिव अरूणेन्द्र पटेल ने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसानों के सच्चे हितैषी और सामाजिक न्याय के प्रति दृढ़ संकल्पित नेता थे। उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में किसानों, ग्रामीणों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने किसानों के हित में जो नीतियां बनाई, उनका लाभ आज भी देश के अन्नदाताओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल चौधरी चरण सिंह के सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जिला उपाध्यक्ष श्रीराम मौर्य ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए रालोद निरंतर संघर्ष कर रही है। किसानों के हक की आवाज बुलंद करना ही चौधरी चरण सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस अवसर पर इन्द्र बहादुर यादव, शिवराम चौधरी, मुन्नीलाल, परवेज अहमद, धर्मराज चौधरी, पेशकार यादव, गोलू यादव सहित रालोद के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments