प्रेम प्रसंग में बाधा बना पिता, बेटी और प्रेमी ने की हत्या; दोनों गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग में बाधा बना पिता, बेटी और प्रेमी ने की हत्या; दोनों गिरफ्तार
Editor= Sunil Soni,Basti Dastakबस्ती। छावनी थाना क्षेत्र के रमवापुर तिवारी गांव में प्रेम प्रसंग के चलते पिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पिता कृष्णा प्रसाद (50) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटी दुर्गा और उसके प्रेमी लक्ष्मण को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कृष्णा प्रसाद की बेटी दुर्गा का पड़ोसी गांव बभरोली निवासी लक्ष्मण से काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे और बेटी को समझाते हुए उसकी शादी कहीं अन्यत्र करने की बात कह रहे थे। शुक्रवार दोपहर दुर्गा बकरी चराने के लिए घर से निकली थी।
बताया गया कि नहर के पास कृष्णा प्रसाद ने बेटी को उसके प्रेमी लक्ष्मण के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इससे नाराज होकर उन्होंने बकरी चराने के लिए साथ ले गई बांस की लग्गी से दोनों को मारने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान दुर्गा और लक्ष्मण ने बांस की लग्गी छीन ली, जिसमें बंधे हसिये से कृष्णा प्रसाद पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर वह मौके पर ही गिर पड़े। इसके बाद दोनों वहां से अपने-अपने घर चले गए।
देर रात तक कृष्णा प्रसाद के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उनका शव दुबौलिया थाना क्षेत्र के बभरोली गांव में नहर के पास मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भाई कांशीराम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दुर्गा और लक्ष्मण के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के दौरान हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।


No comments