Header Ads

  • Breaking News

    बस्ती को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात,

     बस्ती को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव व अयोध्या के गुरु महाराज ने किया 'ओम जागृति हेल्थ केयर हॉस्पिटल' का शुभारंभ

    विधि-विधान से पूजन के बाद हुआ उद्घाटन, एक ही परिसर में मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं

    बस्ती। जनपद बस्ती के गोरखपुर रोड स्थित कोतवाली थाना के निकट शनिवार को ओम जागृति हेल्थ केयर हॉस्पिटल का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के उपरांत सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव एवं अयोध्या के गुरु महाराज के कर-कमलों द्वारा फीता काटकर किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।

    हॉस्पिटल की संचालिका डॉ. प्रियंका यादव ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यहां सभी वर्गों के मरीजों के लिए अनुभवी चिकित्सकों द्वारा उपचार की व्यवस्था की गई है। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को भी रियायती शुल्क पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा। बच्चों के इलाज के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था के साथ गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

    हॉस्पिटल से जुड़े प्रेम चन्द्र यादव ने बताया कि गोरखपुर रोड पर स्थित यह अस्पताल क्षेत्रवासियों के लिए आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का नया केंद्र बनेगा। यहां पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित अनेक आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध रहेंगी, जिससे मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा।

    उद्घाटन समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि ओम जागृति हेल्थ केयर हॉस्पिटल का शुभारंभ जनपद बस्ती के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त होंगी। सभी अतिथियों ने अस्पताल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जनसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल बताया।

    इस अवसर पर सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव, अयोध्या के गुरु महाराज, डॉ. प्रियंका यादव, सन्त राम यादव, प्रेम चन्द्र यादव, महेश चन्द्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad